क्लोज टेस्ट (Cloze Test) कैसे करें?

Share on:
क्लोज टेस्ट (Cloze Test) कैसे करें?

Overview

इस लेख में हम अंग्रेजी के एक महत्त्वपूर्ण अध्याय के बारे में जानेंगे - Cloze test in Hindi

एक बार जब आप अंग्रेजी व्याकरण में महारत हासिल कर लेते हैं और एक अच्छी शब्दावली विकसित कर लेते हैं, तो यह आपके इस ज्ञान को लागू करने का समय है। क्लोज टेस्ट (Cloze Test), पैराजंबल्स (Para Jumbles) और रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन (Reading Comprehension) की तरह ही अंग्रेजी का एप्लीकेशन पार्ट है। यह परीक्षण करता है कि आप सीखी गई अवधारणाओं (concepts) को वास्तविक जीवन सेटिंग्स में कितनी अच्छी तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।

आपको पेपर के इस खंड में महारत हासिल करनी चाहिए, क्योंकि अधिकांश परीक्षाओं में आप क्लोज टेस्ट के प्रश्नों को बहुत जल्दी और उच्च सटीकता दर के साथ हल कर सकते हैं। यह एक ऐसा खंड है जो अंग्रेजी अनुभाग में आपके स्कोर को अधिकतम स्तर तक पहुंचाने में मदद करेगा।

क्लोज टेस्ट क्या है? (Cloze Test kya hai?)

क्लोज टेस्ट में एक या दो पैराग्राफ दिए जाते हैं जिनमें कई खाली स्थान होते हैं। आपको निम्नलिखित के आधार पर पैराग्राफ पढ़ना चाहिए और रिक्त स्थान भरना चाहिए:

  • गद्यांश का संदर्भ
  • उपयुक्त व्याकरण नियम
  • गद्यांश के स्वर / टोन के आधार पर शब्दों का सही चुनाव।

तो, मूल रूप से एक क्लोज टेस्ट रिक्त स्थान भरने वाले सवाल और रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन का मिश्रित रूप है।

नोट

कुछ नए पैटर्न के प्रश्न जो कुछ परीक्षाओं जैसे बैंकिंग या एमबीए में देखे गए हैं, उनमें क्लोज टेस्ट में एरर स्पॉटिंग (error finding) और वाक्य सुधार (sentence correction) अवधारणाओं को भी शामिल किया गया है।

हम जानते हैं कि ऐसे कई शब्द हो सकते हैं जिनका अर्थ लगभग एक ही हो, लेकिन वे कई अन्य पहलुओं में भिन्न हो सकते हैं जैसे कि:

  • संदर्भ- एक शब्द के अलग-अलग संदर्भों में अलग-अलग अर्थ हो सकते हैं। उदाहरण के लिए, 'cell' शब्द पर विचार करें। जीव विज्ञान पर आधारित एक गद्यांश में, इसका अर्थ संभवतः जीवन की बुनियादी संरचनात्मक इकाई होगा। दूसरी ओर, अन्य संदर्भों में इसका अर्थ कुछ अलग भी हो सकता है - एक बैटरी, एक सेल फोन या जेल में कोई कमरा।
  • शक्ति - कुछ शब्द एक ही अर्थ व्यक्त करते हैं, लेकिन वे अपनी ताकत में भिन्न होते हैं। एक शब्द दूसरे की तुलना में अधिक भावनाओं को व्यक्त कर सकता है। उदाहरण के लिए, hate और abhor दोनों का मतलब एक ही है, लेकिन abhor में अधिक ताकत होती है। abhor का अर्थ है नफरत की बहुत मजबूत भावना।
  • कनोटेशन (connotation) - शब्दों के सकारात्मक, तटस्थ या नकारात्मक अर्थ हो सकते हैं। इसलिए, भले ही दो शब्दों का अर्थ एक ही हो, हमें नकारात्मक अर्थ वाले शब्द का प्रयोग उस स्थान पर नहीं करना चाहिए जहां गद्यांश का लहजा सकारात्मक हो। उदाहरण के लिए, "It is below me." और "It is beneath me." बहुत अलग अर्थ रखते हैं, भले ही 'below' और 'beneath' पर्यायवाची हैं। 'below' का एक तटस्थ अर्थ होता है, जबकि 'beneath' का अक्सर नकारात्मक अर्थ होता है। यहां, "It is beneath me." का अर्थ है - कुछ ऐसा काम जो एक सम्माननीय व्यक्ति के लिए करना शर्मनाक हो।
नोट

Connotation - शब्‍द के मुख्‍य अर्थ के अलावा अन्‍य आशय; संकेतार्थ|

अतः, क्लोज़ टेस्ट के प्रश्न आपकी निम्नलिखित छेत्रों में जाँच कर सकते हैं:

  • व्याकरण - जैसे की पूर्वसर्गों (prepositions), क्रियाविशेषणों (adverbs) आदि का सही उपयोग।
  • कुछ न केवल आपकी शब्दावली की जांच कर सकते हैं बल्कि यह भी कि क्या आप संदर्भ, स्वर, ताकत, अर्थ आदि के आधार पर उन शब्दों का उचित उपयोग जानते हैं। इसलिए, शब्दों का केवल रटना और उनके अर्थ याद कर लेना पर्याप्त नहीं होंगे, आपको एक उत्साही पाठक बनना होगा। तभी आपकी शब्दों के सही इस्तेमाल पर पकड़ मजबूत होगी।

आप जिस परीक्षा के लिए उपस्थित हो रहे हैं, उसके आधार पर आपको 4 या 5 विकल्प प्रदान किए जाएंगे। उनमें से आपको उपयुक्त शब्द का चयन करना होगा। इससे आपका काम थोड़ा आसान हो जाएगा।

आशा है कि अब आप समझ गए होंगे कि हम क्लोज टेस्ट को अंग्रेजी का एप्लीकेशन पार्ट क्यों कहते हैं। केवल व्याकरण के नियमों और शब्दावली को जानने से आपको यहाँ बहुत मदद नहीं मिलेगी। आपको यह भी पता होना चाहिए कि उन्हें पैसेज/गद्यांश के संदर्भ में कैसे इस्तेमाल किया जाए।

क्लोज टेस्ट कैसे करें? (Cloze Test ko attempt kaise karein ?)

अब, आइए देखें कि हमें अपने वस्तुनिष्ठ अंग्रेजी के पेपर के इस खंड को कैसे हल करना चाहिए। ऐसा करने के लिए हम कुछ उदाहरणों की मदद लेंगे।

पूरे पैसेज को जल्दी से स्कैन करें

आपको सबसे पहले पूरे पैसेज को स्कैन (जल्दी से पढ़ना) चाहिए। इस तरह आपको गद्यांश का विषय, संदर्भ और टोन पता चल जाएगी, अर्थात लेखक किसी चीज़ का वर्णन कर रहा है (वर्णनात्मक), या अपनी राय दे रहा है, वह अपने दृष्टिकोण में सकारात्मक, विनोदी, तटस्थ या नकारात्मक/क्रिटिकल/व्यंग्यात्मक है, आदि। यह जानकारी आपको दिए गए विकल्पों में से सही शब्द चुनने में बहुत मदद करेगी, खासकर यदि विकल्प अर्थ में बहुत करीब हैं। लेकिन इसे 15-20 सेकेंड के भीतर करें। इसमें ज्यादा समय बर्बाद न करें।

हालाँकि, यदि गद्यांश बहुत आसान है या आपने जोरदार अभ्यास के माध्यम से क्लोज टेस्ट में महारत हासिल कर ली है, तो आप बस पैसेज को पढ़ते हुए एक-एक करके रिक्त स्थान भरना शुरू कर सकते हैं।

पैसेज की विभिन्न टोन

क्लोज टेस्ट (और रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन) में कुछ बुनियादी टोन हैं जो आप अक्सर देखेंगे, वे हैं:

  • वर्णनात्मक - जब लेखक किसी विषय के बारे में जानकारी देता है, जैसे की तथ्य, अवधारणाएं, मुद्दे, पक्ष/विपक्ष, आंकड़े इत्यादि। यहां, आप पाएंगे कि स्वर आम तौर पर तटस्थ होगा।
  • व्यंग्यात्मक - जब लेखक प्रतिकूल या अस्वीकृत टिप्पणी या निर्णय व्यक्त करता है। यहां, आप पाएंगे कि स्वर आम तौर पर नकारात्मक होगा।
  • विनोदी/आशावादी - जब लेखक किसी विषय या मुद्दे पर सकारात्मक विचार व्यक्त करता है। या वह बहुत अधिक हास्य का उपयोग करता है।
  • विश्लेषणात्मक - जब लेखक किसी मुद्दे का विभिन्न दृष्टिकोणों से विश्लेषण करता है, पक्ष और विपक्ष दोनों पर प्रकाश डालता है, दो या दो से अधिक चीजों की तुलना करता है और फिर अंत में अपनी राय प्रस्तुत करता है कि कौन सा बेहतर है।

याद रखें कि वाक्य आपस में सम्बंधित हैं

एक साधारण फिल-इन-द-ब्लेंक और क्लोज टेस्ट के बीच का अंतर यह है कि क्लोज टेस्ट में वाक्यांश, खंड और वाक्य एक दूसरे से जुड़े हो सकते हैं और एक दूसरे को प्रभावित कर सकते हैं। इसलिए, क्लोज टेस्ट में संदर्भ महत्वपूर्ण होता है। आप वाक्यों को अलग-अलग वाक्यों के रूप में नहीं पढ़ सकते हैं, जैसा कि हम साधारण रिक्त स्थान भरने वाले प्रश्नों के मामले में करते हैं। इसे ध्यान में रखिये।

निम्नलिखित दो उदाहरणों को पढ़िए और रिक्त स्थान को उपयुक्त शब्द से भरने का प्रयास कीजिए:

सेट 1: North Korea has warned the NATO countries not to try to spy on its nuclear program. ____, no official team from the UN can inspect its nuclear facilities. (However/Moreover)

सेट 2: North Korea has warned the NATO countries not to try to spy on its nuclear program. ____, an official team fron the UN can inspect its nuclear facilities. (However/Moreover)

सेट 1 में, दोनों वाक्यों को एक साथ पढ़ने पर हम देख सकते हैं कि दोनों वाक्य उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम का निरीक्षण या जासूसी करने के किसी भी विदेशी एजेंसी के अधिकारों को नकार रहे हैं (अर्थात दोनों का स्वर नकारात्मक है)। तो, दूसरा वाक्य पहले वाक्य में दिए तर्क का विस्तार कर रहा है। यहाँ 'Moreover' का प्रयोग अधिक उपयुक्त होगा, क्योंकि इसका अर्थ है कि जो कुछ कहा जा चुका है उसमें कुछ जोड़ा जा रहा है।

सेट 2 में, हम देख सकते हैं कि दूसरा वाक्य संयुक्त राष्ट्र को निरीक्षण करने की अनुमति दे रहा है। तो, दो वाक्य स्वर में विपरीत हैं। यहाँ 'However (हालाँकि)' का प्रयोग अधिक उपयुक्त रहेगा।

नोट

इन्हें सहायक/विरोधाभासी कनेक्टर कहा जाता है।

  • सहायक कनेक्टर (Supporting connectors) - वे दो कथनों / खंडों को जोड़ने के लिए उपयोग किए जाते हैं जो समान विचार व्यक्त कर रहे हैं। दूसरा कथन पहले कथन के अर्थ को जोड़ता है या इसका समर्थन करता है। कुछ सहायक कनेक्टर हैं: moreover, and, like, likewise, similarly आदि।
  • विरोधाभासी कनेक्टर (Contradicting connectors) - वे दो कथनों / खंडों को जोड़ने के लिए उपयोग किए जाते हैं जो विपरीत विचारों को व्यक्त कर रहे हैं। दूसरा कथन पहले कथन को नकारता है या इसकी ताकत को कम करता है, या इसके कुछ अपवाद प्रदान करता है। कुछ परस्पर विरोधी कनेक्टर हैं: on the other hand, however, but, unlike, although, though आदि।

Part of Speech का पता लगाने की कोशिश करें

आपको किस प्रकार के शब्द का उपयोग करने की आवश्यकता है, उसके बारे में कुछ अंदाज़ा प्राप्त करने का प्रयास करना चाहिए - यानि आपको संज्ञा, सर्वनाम, विशेषण, क्रिया, क्रिया विशेषण, आदि किसका प्रयोग करना है। विकल्पों में दिए गए शब्द भी आपको इसके बारे में कुछ सुराग दे सकते हैं।

अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले शब्द संयोजन

अंग्रेजी भाषा में कुछ शब्द अक्सर एक साथ उपयोग किए जाते हैं, जैसे की phrasal verbs, या पारम्परिक रूप से साथ में इस्तेमाल किये जाने वाले शब्द। यदि आप एक उत्साही पाठक हैं, तो आप अक्सर उपयोग किए जाने वाले शब्द संयोजन को आसानी से पहचानने में सक्षम होंगे। आइए एक उदाहरण देखें।

The manager wants to have a ___ word with you. (fast/prompt/quick)

हालांकि तीनों विकल्पों का मतलब लगभग एक ही है, 'quick' शब्द का प्रयोग अक्सर 'word' शब्द के साथ किया जाता है, जैसे की - Can I have a quick word with you? एक ऐसा व्यक्ति जो अंग्रेजी काफी अच्छे से जानता है, उसे 'quick word' वाक्यांश ठीक लगेगा, जबकि 'fast word' या 'prompt word' सुनने में अजीब लगेगा।

कुछ अन्य शब्द-जोड़े जो अक्सर साथ में इस्तेमाल किए जाते हैं, वो हैं: bad habit, happily married, happy ending, take a seat, make room, work hard आदि।

ये भाषा की छोटी-छोटी बारीकियाँ हैं जिन्हें आप केवल व्याकरण के नियमों और शब्दों को याद करके नहीं सीख सकते। इस समझ को केवल सामान्य रूप से लेख, समाचार पत्र और पुस्तकों को पढ़कर ही विकसित किया जा सकता है।

गलत विकल्पों को खत्म करने की कोशिश करें

याद रखें, यह बहुविकल्पीय प्रश्न है। तो इसका जवाब आपकी आंखों के सामने है। आप सही उत्तर ढूंढ सकते हैं, या आप गलत उत्तरों को नकार सकते हैं। दोनों दृष्टिकोण ठीक हैं। वास्तव में, कभी-कभी सही विकल्प चुनने की तुलना में, 2, 3 या सभी गलत विकल्पों को समाप्त करना बहुत आसान होता है। इसलिए, सुनिश्चित करें कि आप प्रदान किए गए उत्तर विकल्पों का उपयोग कर रहे हैं। यह बहुत जरूरी है।

सावधानी

भले ही आप विकल्पों को देखे बिना रिक्त स्थान को भर सकते हों, फिर भी आपको सभी विकल्पों पर एक नज़र डालनी चाहिए, ताकि आप सुनिश्चित हो सकें की आपने सही उत्तर का चयन किया है। कभी-कभी, आप खुद को उत्तर बदलते हुए पा सकते हैं। यह मैं अपने अनुभव से बोल रहा हूं।

कुछ खास कीवर्ड पर नजर रखें

रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन की तरह ही, क्लोज टेस्ट में भी कुछ कीवर्ड हो सकते हैं जो आपको सही शब्द के बारे में कुछ सुराग प्रदान कर सकते हैं। इसे एक उदाहरण से समझाना आसान होगा।

"Generally, the campaigns against foreign plants are pointless. ___ invasive species are neither terribly successful nor very harmful" (Most/All/Some/Few)

यहां कीवर्ड "Generally" है। तो, पहला वाक्य यह संदेश दे रहा है कि विदेशी पौधों के खिलाफ अधिकांश अभियान व्यर्थ या बेकार हैं, लेकिन उनमें से कुछ उपयोगी हो सकते हैं। तो, इसका मतलब है कि कुछ विदेशी पौधे स्थानीय जैव विविधता को नुकसान पहुंचा सकते हैं, लेकिन सभी नहीं। तो, हम 'All' को गलत मान सकते हैं। 'Few' का नकारात्मक अर्थ है, और दूसरा वाक्य तो पहले से ही नकारात्मक है (neither/nor की वजह से)। अतः यहाँ 'Few' का प्रयोग करना उचित नहीं होगा।

अब, हमें 'Most' और 'Some' के बीच चयन करने की आवश्यकता है। अगर हम पहले वाक्य को दोबारा पढ़ें, तो पैसेज का लहजा आपको कुछ सुराग देगा। लेखक अपने तर्क को सामने रखने की कोशिश कर रहा है, जिसमें पहला वाक्य उसका निष्कर्ष है - 'Generally' का अर्थ है कि ज्यादातर मामलों में। यह सामान्य प्रवृत्ति को दर्शाता है। दूसरा वाक्य उसके निष्कर्ष के पीछे का कारण है। तो, दूसरे वाक्य को पहले वाक्य का पुरजोर समर्थन करना चाहिए। 'Some' का प्रयोग इस उद्देश्य को हल नहीं करेगा, क्योंकि यह पर्याप्त मजबूत नहीं है। 'Some' का मतलब एक से कई हो सकता है। जब हम 'Most' कहते हैं, तो इसका अर्थ यह होता है कि 50% से अधिक आक्रामक प्रजातियां न तो बहुत सफल हैं और न ही बहुत हानिकारक हैं। यही कारण है कि उनके खिलाफ अभियान व्यर्थ है।

उपरोक्त उदाहरण निम्लिखित चीज़ों को समझने के महत्व को दर्शाता है:

  • कीवर्ड की भूमिका
  • विभिन्न वाक्यों के बीच सम्बन्ध
  • गद्यांश की टोन - यह तय करेगा कि हमें सकारात्मक, नकारात्मक या तटस्थ शब्दों का उपयोग करना चाहिए, और हमें मजबूत शब्द का इस्तेमाल करना है या कमजोर शब्दों का।
  • विकल्पों को खत्म करने की प्रक्रिया
नोट

जैसा कि अंग्रेजी के सभी भागों में होता है, आप जितना अधिक पढ़ेंगे, आप इन अनुभागों में उतने ही बेहतर होंगे। क्लोज टेस्ट, पैरा जंबल्स, रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन पैसेज के लिए आपको व्याकरण के नियमों और शब्दावली के अपने ज्ञान को इस्तेमाल करने की आवश्यकता होती है। जो लोग बहुत पढ़ते हैं उनके लिए यह बहुत आसान है। कुछ अच्छी कहानियाँ, उपन्यास, आत्मकथाएँ पढ़ें, अंग्रेजी फिल्में और समाचार आदि देखें। यदि आप कोई भाषा सीखना चाहते हैं, तो उस भाषा में डूब जाएँ। यह किसी भी भाषा को सीखने का सबसे अच्छा और सबसे टिकाऊ तरीका है।

उपसंहार

आशा है कि आपको क्लोज टेस्ट क्या है, इसे कैसे करना है, इसे करते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए आदि के बारे में जानकारी मिल गई होगी। अब आगे बढ़ें और अभ्यास शुरू करें। जितना अधिक आप अभ्यास करेंगे, उतना ही आप अपनी ताकत और कमजोरियों के बारे में जानेंगे।

टेस्ट में अपने प्रदर्शन का विश्लेषण करना बहुत सारे टेस्ट और प्रश्नों को हल करने की तुलना में कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। उस क्षेत्र की तलाश करें जहाँ आप नियमित रूप से गलतियाँ कर रहे हैं। हो सकता है कि आप पूर्वसर्गों, या क्रियाविशेषणों के उपयोग में कमजोर हों। यदि आप अपनी कमजोरी जानते हैं, तो आप आधी समस्या का समाधान पहले ही कर चुके हैं। बस व्याकरण के उन हिस्सों को फिर से अच्छे से पढ़ें। यदि आप पाते हैं कि आपकी शब्दावली कमजोर है, तो प्रत्येक दिन 10 शब्द सीखें और उन्हें वाक्यों में प्रयोग करने का प्रयास करें।

अभ्यास और विश्लेषण करें और फिर अपनी अवधारणाओं को संशोधित करें या सीखें। इस प्रक्रिया को तब तक दोहराते रहें जब तक आपको पर्याप्त आत्मविश्वास न मिल जाए।

अंत में, आपकी पढ़ने की आदत सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। विस्तृत पढ़ने की आदत विकसित करें, यानी विज्ञान, भूगोल, इतिहास, अर्थव्यवस्था, मनोविज्ञान, दर्शन, प्रौद्योगिकी आदि जैसे विभिन्न विषय-क्षेत्रों के बारे में पढ़ें। नियमित रूप से अंग्रेजी समाचार पत्र पढ़ें, और कुछ कहानियां/उपन्यास पढ़ें। आप आसानी से उन अंशों को समझने में सक्षम होंगे जो उस क्षेत्र पर आधारित हैं जिससे आप अच्छी तरह से वाकिफ हैं। साथ ही, आपके द्वारा की जाने वाली गलतियों की संख्या में काफी कमी आएगी। अंग्रेजी भाषा पर पूर्ण आधिपत्य के अपने लक्ष्य तक पहुंचने का यह एक रोचक तरीका है (और सबसे अच्छा तरीका भी)।

comments powered by Disqus