रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन कैसे हल करें? (Reading Comprehension kaise solve karen?)

Share on:
रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन कैसे हल करें? (Reading Comprehension kaise solve karen?)

Overview

इस लेख में हम अंग्रेजी के एक महत्त्वपूर्ण अध्याय के बारे में जानेंगे - English Reading Comprehension, in Hindi

वस्तुनिष्ठ परीक्षा के किसी भी अंग्रेजी खंड में रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन (RC) एक बहुत ही सामान्य रूप से पाया जाने वाला खंड है। इसका उद्देश्य एक उम्मीदवार की समझने की क्षमता की जांच करना है, यानी किसी पैसेज/गद्यांश को समझने की उसकी क्षमता।

रीडिंग कॉम्प्रिहेंशन (RC) प्रश्न एक स्टैंड अलोन प्रश्न के रूप में आ सकता है, अर्थात बहुत छोटा सा गद्यांश जिसके बाद एक प्रश्न (या दो) पूछा जाता है। लेकिन आम तौर पर, हमें एप्टीट्यूड परीक्षा में RC सेट मिलेंगे, जिसमें दिए गए पैसेज के आधार पर 5 से 10 प्रश्न पूछे जाएंगे।

RC (आरसी) प्रश्नों के प्रकार

RC पैसेज/गद्यांश के बाद कुछ प्रश्न पूछे जाते हैं, जो आपके कॉम्प्रिहेंशन स्किल्स को जांचने के लिए डिज़ाइन किए गए हैं, जिनमें शामिल हैं:

  • लेखक द्वारा सीधे कही जा रही बातों को समझने की आपकी क्षमता - ये सबसे सरल प्रकार के प्रश्न हैं। इसका उत्तर गद्यांश में होता है और आपको बस उसका पता लगाना है।
  • पंक्तियों के बीच पढ़ने की आपकी क्षमता (ability to read between the lines) - कुछ प्रश्न यह जाँचेंगे कि, क्या आप गद्यांश को गहराई से समझ सकते हैं, निष्कर्ष निकाल सकते हैं, लेखक के संदेश का अनुमान लगा सकते हैं, उन धारणाओं का पता लगा सकते हैं जो लेखक ने गद्यांश को लिखते समय अपने दिमाग में रखीं थीं, इत्यादि|
  • लेखन शैली और गद्यांश के स्वर को मापने की आपकी क्षमता - अर्तार्थ गद्यांश वर्णनात्मक / सूचनात्मक है, व्यंग्यात्मक है, आशावादी, निराशावादी, विनोदी, या आलोचनात्मक है, आदि।
  • शब्दावली - कुछ प्रश्न गद्यांश के संदर्भ के अनुसार आपकी शब्दावली की जाँच करेंगे। शब्द का उपयोग गद्यांश में कैसे किया गया है, इसके आधार पर आप उसके अर्थ का अनुमान लगाने का प्रयास कर सकते हैं, भले ही आप उसका सटीक अर्थ नहीं जानते हों। इसके अलावा, आपको गद्यांश के स्वर/टोन को ध्यान में रखना होगा। कनोटेशन के अनुसार शब्दों के अर्थ थोड़े भिन्न हो सकते हैं। किसी शब्द का कनोटेशन आमतौर पर गद्यांश के स्वर/टोन से मेल खाता है।
  • व्याकरण - कुछ प्रश्न आपके व्याकरण के कुछ पहलुओं की जाँच भी कर सकते हैं। लेकिन RC सेट में ऐसे सवाल विरले ही मिलते हैं।

तो, RC सेट का मुख्य उद्देश्य निम्नलिखित चीज़ों की जाँच करना है:

  • समझ कौशल
  • किसी दिए गए संदर्भ में शब्दावली
  • डिडक्शन क्षमताएं (deduction capabilities) - उदाहरण के लिए उन प्रश्नों में जहां आपको अनुमान लगाने (inference) के लिए कहा जाता है या उन धारणाओं (assumptions) को बताने के लिए जो लेखक ने पैसेज लिखते समय की थीं।

RC प्रश्नों को कैसे हल करें?

प्रसंग (Context) को समझें

क्या आप जानते हैं, कि आप किसी वाक्य में कई शब्दों के अर्थ केवल यह देखकर बता सकते हैं कि उनका उस वाक्य में कैसे उपयोग किया गया है, और उस संदर्भ को समझकर जिसमें उनका उपयोग किया गया है? कई अन्य प्रकार के प्रश्नों के उत्तर देने के लिए भी गद्यांश के संदर्भ और विषय को समझना आवश्यक है।

नोट

लेकिन यह जरूरी नहीं है कि पूरे पैसेज को समझ लिया जाए। आपको केवल उन भागों पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है जो प्रश्नों में पूछे गए हैं। बाकी हिस्से को आप बस सरसरी निग़ाह से देख सकते हैं। अतः, आप गद्यांश के सार और विषय को समझ सकते हैं, भले ही आप उसके कुछ भाग को समझने में असफल हों।

पैसेज के स्वर/टोन और लेखन शैली का पता लगाएं

पैसेज के संदर्भ के अलावा, आपके पास पैसेज के स्वर और लेखन शैली को बताने की क्षमता होनी चाहिए। कभी-कभी, आपको सीधे प्रश्न भी मिलेंगे जो आपको लेखक द्वारा उपयोग किए गए स्वर, या उनके दृष्टिकोण या लेखन शैली को बताने के लिए कहेंगे।

  • स्वर/टोन हो सकता है - व्यंग्यात्मक, विनोदी, आलोचनात्मक, उत्साही।
  • मनोवृत्ति हो सकती है - निराशावादी/नकारात्मक, आशावादी/सकारात्मक, या तटस्थ।
  • लेखन शैली हो सकती है - वर्णनात्मक/सूचनात्मक (उद्देश्य केवल कुछ जानकारी देना है), आलोचनात्मक (उद्देश्य नकारात्मक पक्षों को उजागर करना है), विश्लेषणात्मक (उद्देश्य अच्छे पक्ष और बुरे पक्ष, दोनों को निर्धारित करना है और फिर कुछ निष्कर्ष देना है), तर्कपूर्ण (उद्देश्य अपने विचारों के पक्ष में विचार देना और विपरीत विचारों को नकारना है)।

गद्यांश को तोड़ना

गद्यांश को टुकड़ों में पढ़ें। उन क्षेत्रों को चिह्नित करें, जहां आपको लेखक की कही बातें समझने में मुश्किल हो रही है।

यह निम्नलिखित में से एक या अधिक कारणों से हो सकता है:

  • आप पैसेज के विषय को समझने में सक्षम नहीं हैं। हो सकता है कि जिस विषय पर चर्चा की जा रही है वह आपके लिए अज्ञात हो। उदाहरण के लिए, यदि आपने कभी मनोविज्ञान का अध्ययन नहीं किया है, तो आपको मनोविज्ञान पर आधारित गद्यांशों को समझना बहुत कठिन लगेगा। इसके कम से कम कुछ हिस्से पूरी तरह से आपके सिर के ऊपर से गुजरेंगे, खासकर अगर लेखक ने तकनीकी शब्दजाल का इस्तेमाल किया हो, जैसे की Freudian slip, libido, mortido, type A personality आदि।
  • शब्दावली मुद्दे - यदि आप उपयोग किए जा रहे कुछ शब्दों को नहीं समझते हैं, तो आपको गद्यांश या उसके किसी भाग का अर्थ समझने में कठिनाई हो सकती है।

गद्यांश के उन हिस्सों को बार-बार पढ़ें। उस हिस्से को उससे पहले और बाद में कही गई बातों से जोड़कर समझने की कोशिश करें।

छोटी-छोटी बातों पर ज्यादा ध्यान न दें

एक गद्यांश को पढ़ते समय बहुत विशिष्ट बातों जैसे उदाहरण, तथ्य आदि पर अधिक ध्यान केंद्रित न करें। न ही आपको किसी अंश में चीजों को याद करने का प्रयास करना चाहिए। बस गद्यांश/परिच्छेद के मुख्य संदेश, विचारों के प्रवाह और चर्चा की जा रही मुख्य बातों को समझने की कोशिश करें। यदि किसी प्रश्न ने कुछ बहुत विशिष्ट बात पूछी है, तो आप हमेशा वापस आ सकते हैं और गद्यांश के उस भाग को फिर से पढ़ सकते हैं।

हमेशा गद्यांश को ध्यान में रखकर उत्तर दें

सही उत्तर हमेशा पैसेज में दी गई जानकारी पर आधारित होगा। प्रश्न हल करते समय बाहरी ज्ञान का प्रयोग नहीं करना चाहिए। कोई भी उत्तर विकल्प, जो किसी ऐसी चीज़ की चर्चा कर रहा है, जो कि गद्यांश में लिखा ही नहीं गया है, वो गलत होगा क्यूंकि वो "out of scope" माना जायेगा।

नोट

हालाँकि आपको कुछ बुनियादी, सार्वभौमिक ज्ञान का उपयोग करना पड़ सकता है, जिसे वैसे भी सच माना जाता है। उदाहरण के लिए, यदि गद्यांश एक ऐसे साहूकार के बारे में बात कर रहा है, जो गरीब किसानों का शोषण करता है, तो:

  • आप अनुमान लगा सकते हैं (infer) कि वह बहुत लालची होगा। यह बिल्कुल ठीक है।
  • लेकिन यह कहना कि वह ऐसा इसलिए कर रहा है, क्योंकि उसकी माँ बीमार है (भले ही इसका उल्लेख गद्यांश में कभी नहीं किया गया हो) गलत होगा।

यह भी आवश्यक है कि आप किसी मुद्दे के बारे में अपने पूर्वाग्रहों, धारणाओं या भावनाओं के कारण, अपने उत्तर को धूमिल न करें। यदि आप लेखक की बात से सहमत नहीं हैं, तो भी प्रश्नों के उत्तर गद्यांश के अनुसार ही दें।

जानें कि कौनसा प्रश्न नहीं करना चाहिए

एप्टीट्यूड परीक्षाओं में, न केवल अंग्रेजी भाषा में आपकी विशेषज्ञता का आकलन किया जाता है, बल्कि आपके निर्णय लेने के कौशल को भी आंका जाता है, यानी RC सेट का चयन करने में आप कितने अच्छे हैं। किसी भी सेट प्रश्न की तरह, सबसे पहले आपको सबसे आसान RC सेट का चयन करना चाहिए। यदि समय मिले तो सबसे कठिन RC सेट को अंत में करने का प्रयास करें। सामान्य तौर पर, आप पाएंगे कि RC सेट जो आपको आसान लगता है वह उस विषय-क्षेत्र से है जिससे आप अच्छी तरह परिचित हैं या जिसके बारे में आपने बहुत कुछ पढ़ा है।

साथ ही, दिए गए RC सेट में आपको सभी प्रश्नों को हल करना आवश्यक नहीं है। आपको RC सेट में एक या दो प्रश्न ऐसे मिल सकते हैं, जो बहुत कठिन होंगे या अन्य प्रश्नों की तुलना में आनुपातिक रूप से अधिक समय लेंगे। इन सवालों को बाद के लिए छोड़ दें। अंग्रेजी अनुभाग के अन्य सभी आसान और मध्यम कठिनाई वाले प्रश्नों को हल करने के बाद ही इन्हें हल करें। आप 10-15 मिनट में पढ़ी हुई RC नहीं भूल जाएंगे। अपनी अल्पकालिक स्मृति पर विश्वास रखें। आप हमेशा वापस आ सकते हैं और RC के छूटे हुए प्रश्नों को हल कर सकते हैं।

विकल्पों को नकारने की कला सीखें

आप सभी गलत विकल्पों को हटाकर बहुत जल्दी सही उत्तर तक पहुंच सकते हैं। यह दृष्टिकोण RC प्रश्नों में बहुत अच्छा काम करता है। इसलिए, RC सेट में, सुनिश्चित करें कि आपने दिए गए सभी विकल्पों को अच्छी तरह से पढ़ लिया है।

आम तौर पर, निम्न प्रकार के विकल्प उत्तर गलत होते हैं:

  • संदर्भ से बाहर - कुछ ऐसा जिसका उल्लेख गद्यांश में नहीं किया गया है।
  • चरम/कठोर भाषा - चरम भाषा वाले विकल्प अक्सर गलत होते हैं (हालांकि इसके अपवाद हो सकते हैं)। completely, entirely, absolutely, definitely आदि जैसे शब्दों पर ध्यान दें।

जहां तक ​​विकल्पों का संबंध है, आप निम्न स्थितियों में से किसी एक का सामना कर सकते हैं:

  • एक विकल्प स्पष्ट रूप से सही है, और बाकी सभी स्पष्ट रूप से गलत हैं| (सबसे आम प्रकार जो आप पाएंगे| यह एक आसान RC प्रश्न माना जाता है)
  • दो या तीन विकल्प सही लगते हैं। ऐसे मामले में आपको वह विकल्प चुनना होगा, जो दूसरों की तुलना में "अधिक" सही हो।
  • सभी विकल्प गलत लगते हैं। ऐसे मामले में आपको वह विकल्प चुनना होगा, जो दूसरों की तुलना में "कम" गलत हो, यानी कम से कम गलत। (ऐसे प्रश्न दुर्लभ हैं, लेकिन आप कभी-कभार उनका सामना कर सकते हैं)
नोट

RC सेट हल करने के लिए दो तरीके हैं।

तरीका 1: टॉप-डाउन (पहले पैसेज पढ़ें)

यहां हम पहले पैसेज और फिर प्रश्न पढ़ते हैं। यह तरीका अपनाया जा सकता है यदि गद्यांश आसान या छोटे हैं।

तरीका 2: बॉटम-अप (प्रश्नों को पहले पढ़ें)

यहां हम पहले प्रश्न पढ़ते हैं और फिर गद्यांश। प्रश्नों को पढ़ने से मेरा मतलब है कि बस उन पर एक नज़र डालें और देखें कि वे क्या पूछ रहे हैं, जैसे की हो सकता है कि कोई प्रश्न आपसे गद्यांश का सार बताने के लिए कह रहा हो, दूसरा आपसे किसी ऐसे शब्द का अर्थ बताने के लिए कह रहा हो जिसका उपयोग गद्यांश में किया गया है, आदि।

अगर आप इस तरीके का उपयोग करेंगे, तो आपको पहले से ही पता होगा की आपको गद्यांश को पढ़ते समय किन चीज़ों पर ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। जैसे की, आप पहले से ही जानते होंगे कि आपको गद्यांश का सार समझने के जरूरत है, आप उस शब्द को भी ध्यान में रखेंगे जिसका अर्थ आपको बाद में बताना होगा। इसलिए, जब आप उसे पैसेज में देखेंगे, तो आप उसे चिह्नित कर लेंगे। यह आपका कुछ समय बचाएगा।

यदि गद्यांश बहुत आसान या छोटा है, या आप बहुत अच्छे पाठक हैं, तो यह ज्यादा मायने नहीं रखता। आप किसी भी तरह से RC हल कर सकते हैं। आप जो मॉक टेस्ट देंगे, उनमें इन दोनों तरीकों को आजमाएं। अंत में, आप उस तरीके को अपनाएं जो आपको सबसे बेहतर परिणाम देता है और समय बचाने में मदद करता है।

हमारे समझने के कौशल को कैसे सुधारें?

जितना अधिक आप पढ़ेंगे, उतना ही आप खुद को बेहतर होते हुए पाएंगे, न केवल गद्यांश के प्रत्यक्ष अर्थ को समझने में, बल्कि लेखक के छिपे हुए संदेशों, अनुमानों और मान्यताओं को भांपने में भी।

आपकी शब्दावली भी अधिक समृद्ध होगी। जितना अधिक आप पढ़ेंगे, उतने ही अधिक शब्द आप सीखेंगे। इतना ही नहीं, आप यह भी सीखेंगे कि जिन शब्दों को आप पहले से जानते हैं, उन्हें विभिन्न तरीकों से, विभिन्न संदर्भों में, और विभिन्न स्वरों का उपयोग करके कैसे उपयोग किया जाए।

लेकिन सिर्फ पढ़ने के अलावा, आप अपने समझने के कौशल को और बेहतर बनाने के लिए कुछ तकनीकों का उपयोग भी कर सकते हैं, और अपने आप को एक अच्छे पाठक के रूप में और भी तीव्र गति से परिवर्तित कर सकते हैं। आईये, ऐसी ही कुछ तकनीकों को जानें|

  • गहराई से पढ़ें - लेखक क्या कह रहा है, इस पर सवाल उठाने की कोशिश करें, उसके इरादों का अनुमान लगाने की कोशिश करें, क्या उनके कोई छिपे हुए संदेश हैं जो निहित हैं आदि। आप एक अच्छे पाठक तब तक नहीं हो सकते, जब तक आप वाक्यों के छुपे अर्थों को नहीं समझ सकते। साथ ही, गद्यांश का उद्देश्य क्या है, इसका विषय क्या है, क्या लेखक हमें केवल किसी चीज़ के बारे में सूचित करना चाहता है, या कुछ मुद्दा उठाना चाहता है, या किसी चीज का आलोचनात्मक विश्लेषण करना चाहता है। क्या वह निराशावादी, आशावादी या तटस्थ है?

  • पैसेज को सारांशित करें - एक बार जब आप कोई लेख या निबंध पढ़ लें, तो उसे सारांशित करने का प्रयास करें। यह किसी गद्यांश का सार, या मुख्य विचार या आलोचनात्मक संदेश को समझने की आपकी क्षमता को विकसित करने में मदद करेगा। (परन्तु परीक्षा के समय ऐसा न करें!)

  • स्कैन करने की कला सीखें - समय के साथ आपकी पढ़ने की गति में स्वाभाविक रूप से सुधार होगा। लेकिन कुछ तरकीबें भी हैं जिनका उपयोग किया जा सकता है, जैसे की पैसेज को जोर से पढ़ने के बजाय दिमाग में पढ़ें, एक बार में एक शब्द पढ़ने के बजाय, एक बार में 3-4 शब्द पढ़ें, आदि। नोट करें कि आप 2 मिनट में कितने शब्द पढ़ सकते हैं। इसे समय के साथ सुधारने का प्रयास करें।

  • एकाग्रता - यदि आप अपनी एकाग्रता के स्तर में सुधार कर सकते हैं, तो आप पाएंगे कि आप न केवल तेजी से पढ़ रहे हैं, बल्कि पैसेज को भी बेहतर ढंग से समझने में सक्षम हो रहे हैं। RC पैसेज करते समय सभी विकर्षणों से बचें, चाहे वह आपके घर पर हों या परीक्षा हॉल में।

  • समग्र पढ़ने की आदत विकसित करें - विभिन्न विषयों को पढ़ने का प्रयास करें। आप पाएंगे कि जिन क्षेत्रों से आप अच्छी तरह परिचित हैं, उन पर आधारित गद्यांश समझने में बहुत आसान लगते हैं।

  • जो आपको पसंद है उसे पढ़ें - मुझे पता है, मैंने आपको विभिन्न विषयों को पढ़ने के लिए कहा था और अब मैं आपको जो पसंद है उसे पढ़ने के लिए कह रहा हूं। शुरुआत में लोगों के लिए यह आवश्यक है, कि वे वो पढ़ें जो वे पसंद करते हैं और कुछ ऐसा जो पढ़ने में आसान हो।
    बचपन में हम कॉमिक्स और छोटी कहानियाँ पढ़ते थे, जैसे the famous five, short stories of Leo Tolstoy आदि। कुछ भी गंभीर नहीं, केवल मनोरंजन के लिए! इस तरह आप किसी भाषा में रुचि विकसित करते हैं। और एक बार जब आप किसी चीज में रुचि विकसित कर लेते हैं, तो आप बिना ज्यादा मेहनत किए उसमें बेहतर होते जाएंगे।
    एक बार जब आप भाषा पर कुछ कमांड हासिल कर लेते हैं और कुछ शब्दावली सीख लेते हैं, तो अधिक गंभीर क्षेत्रों में आगे बढ़ें - समाचार और उपन्यास पढ़ें, और फिर शायद संपादकीय और गैर-फिक्शन किताबें, आत्मकथाएं, समाचार पत्रों में आर्थिक/दार्शनिक लेख, यहां तक ​​कि मनोविज्ञान, विज्ञान की किताबें आदि भी ।

  • शब्दावली में सुधार करें - प्रति दिन कुछ शब्द सीखें और हो सके तो उनके पर्यायवाची और विलोम भी। लेकिन किसी वाक्य में उनका उपयोग सीखना और भी अधिक महत्वपूर्ण है। इसलिए, किसी शब्दकोष या वोकैब हैंडबुक से शब्दों के अर्थ को रटना शायद सबसे अच्छा तरीका नहीं है।
    इससे बेहतर तरीका यह होगा कि आप केवल उपन्यास, समाचार और लेख पढ़ें, और उन शब्दों के अर्थों को मालुम करें जिन्हें आप नहीं समझते हैं। ये शब्द आपको बेहतर याद रहेंगे।
    इसके अलावा, जो शब्द आपको किताबों और समाचार पत्रों में मिलेंगे, वे अधिक उपयोग में होते हैं और इसलिए उनकी परीक्षा में आने की अधिक संभावना है। दूसरी ओर, शब्दकोश या शब्दावली हैंडबुक में ऐसे कई शब्द हैं, जिन्हें आप शायद ही किसी परीक्षा में देखेंगे। आप अपने लिए एक दिन में कम से कम 10 शब्द सीखने का लक्ष्य निर्धारित कर सकते हैं।

  • किसी शब्द के अर्थ का अनुमान लगाने की अपनी क्षमता को विकसित करें, सिर्फ यह देखकर की उसे किसी वाक्य में कैसे इस्तेमाल किया गया है, यानी संदर्भ का उपयोग करके। यह वास्तव में परीक्षा में काफी काम आएगा।

  • आधुनिक तकनीक का उपयोग करें - बाजार में अब ऐसे कई ऐप उपलब्ध हैं जो आपकी मदद कर सकते हैं, खासकर शब्दावली अनुभाग में। अपने मोबाइल में डिक्शनरी या थिसॉरस ऐप इंस्टॉल करें जो आपको स्क्रीन पर पढ़े जा रहे शब्द का अर्थ बता सके। डेस्कटॉप/लैपटॉप स्क्रीन रीडिंग के लिए भी कई प्रोग्राम उपलब्ध हैं। आप किंडल ईबुक रीडर भी ले सकते हैं, जिसमें डिक्शनरी इनबिल्ट होती है।

नोट

कुछ अखबार ऐसे हैं जो तुलनात्मक रूप से आसान भाषा का उपयोग करते हैं, जैसे की टाइम्स ऑफ इंडिया, इंडियन एक्सप्रेस आदि| इन पेपर्स से शुरू करें। इन पेपरों में कई मनोरंजक और हल्के विषय होते हैं, जिन्हें आप पढ़ना पसंद करेंगे, जैसे की खेल, मनोरंजन आदि।

बाद में, आप द हिंदू, या इकोनॉमिक टाइम्स आदि जैसे अधिक गंभीर समाचार पत्रों को पढ़ना शुरू कर सकते हैं। इन समाचार पत्रों में अधिक गंभीर समाचार और लेख होते हैं, और वे जिस भाषा का उपयोग करते हैं वह अन्य समाचार पत्रों की तुलना में थोड़ी कठिन होती है।

लेकिन ध्यान रखें कि इनमें से कई अखबारों का अपना एजेंडा होता है, और वे जिस लहजे का इस्तेमाल करते हैं वह सरकार, किसी संस्था या किसी व्यक्ति के प्रति अत्यधिक व्यंग्यात्मक या निराशावादी हो सकता है। इसलिए इन समाचार पत्रों में लेख और समाचार पढ़ते समय लेखकों के छिपे संदेशों और मंशाओं को भी समझने की कोशिश करें। लाइनों के बीच छिपे अर्थ को समझें!

यह आपको एक अद्भुत पाठक बना देगा, कोई ऐसा व्यक्ति जो न केवल समझता है कि क्या कहा जा रहा है, और क्यों कहा जा रहा है, बल्कि यह भी कि क्या नहीं कहा जा रहा है, और क्यों!

हमें उम्मीद है कि यह लेख आपके लिए बेहद मददगार साबित होगा। यद्यपि आप RC में अच्छा होने के लिए और RC सेट को हल करते समय, कई युक्तियों का उपयोग कर सकते हैं, लेकिन विभिन्न स्रोतों से व्यापक रूप से पढ़ने की आपकी आदत का कोई सानी नहीं है।

यदि आप एक उत्साही पाठक हैं और किताबें, लेख और समाचार पत्र पढ़ना पसंद करते हैं, तो आप जल्द ही अंग्रेजी खंड में स्वाभाविक रूप से मजबूत हो जाएंगे, और आपको इसका एहसास भी नहीं होगा की आपने इसके लिए कोई मेहनत की।

अतिरिक्त पुस्तकें और उपकरण


यदि आप किताबों के माध्यम से सीखना पसंद करते हैं, या संदर्भ उद्देश्यों के लिए कुछ अच्छी अंग्रेज़ी व्याकरण किताबें चाहते हैं, तो आप हमारा यह लेख पढ़ सकते हैं|
comments powered by Disqus